15 सितंबर, कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कांगड़ा में हर वर्ष की तरह रामलीला 2025 का भव्य आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा इस वर्ष की रामलीला को पहले से और आकर्षक बनाने की कोशिश की गई है और हिमाचल प्रदेश के इतिहास में पहली बार रामलीला में महिलाओं के किरदार स्वयं महिलाओं के द्वारा निभाए जाएंगे। इसके लिए कांगड़ा की लड़कियां रामलीला में भूमिका निभाने के लिए आगे आई हैं। उन्होंने इसके लिए रामलीला कमेटी के मार्गदर्शन में रिहर्सल की है और अब जल्द उनके यह किरदार हम सभी रामलीला के दौरान देख सकेंगे। उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने इन सभी लड़कियों की प्रशंसा की जो अन्य सभी लड़कियों के समक्ष एक उदाहरण पेश करेंगी। अजय वर्मा ने बताया इस वर्ष रामलीला का आयोजन 22 सितंबर से 3 अक्टूबर तक किया जाएगा। उन्होंने बताया 22 सितंबर को हवन और पूजा करके रामलीला का शुभारंभ किया जाएगा और 23 सितंबर को रामलीला का भव्य आगाज होगा। उन्होंने कहा इस वर्ष रामलीला में राम विवाह का उत्सव भव्य तरीके से मनाया जाएगा इसके लिए झांकियां निकाली जाएगी और रामलीला के अंतिम दिन फूलों की होली विशेष आकर्षण रहेगी। उन्होंने रामलीला कमेटी कांगड़ा द्वारा उन्हें रामलीला कमेटी का अध्यक्ष बनाए जाने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। प्रेस वार्ता के इस मौके पर उपाध्यक्ष अजय वर्मा सहित वरिष्ठ उपाध्यक्ष राकेश मेहरा रमेश मेशी, अनुज गर्ग, राकेश कथूरिया, श्याम वर्मा, देवेंद्र, मुकेश मेहरा, रामचंद्र वर्मा, कपिल देव शर्मा, सारांश और अन्य सदस्य मौजूद रहे। अजय वर्मा ने कहा वह जल्द मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश से मिलकर आपदा राहत कोष में कांगड़ा की तरफ से एकत्रित 1.5 लाख रुपए की राशि उन्हें भेंट करेंगे और रामलीला कमेटी की तरफ से भी 11 हजार रुपये वह मुख्यमंत्री राहत कोष में देंगे। उन्होंने बताया चंबा से भरमौर के रास्ते को खोल दिया गया है और चंबा से भरमौर के बीच अब बसों की आवाजाही शुरू हो रही है। उन्होंने बताया फंसे हुए आम वाहनों और सरकारी वाहनों को भी निकाल लिया गया है।